तीन एनसीसी कैडेटों ने माउंट देव टिब्बा में लहराया तिरंगा

Three NCC cadets hoisted Tricolour on Mount Deo Tibba

देहरादून। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के अखिल भारतीय बालक एवं बालिका पर्वतारोहण अभियान में उत्तराखंड निदेशालय के तीन कैडेटों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में साहस, धैर्य और पर्वतारोहण कौशल का परिचय देते हुए कैडेटों ने सफल शिखर आरोहण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

अभियान दल को चार जून को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने झंडी दिखाकर रवाना किया था। अभियान के दौरान देशभर से चयनित कैडेटों ने हिस्सा लिया। उत्तराखंड निदेशालय के कैडेटों ने चुनौतीपूर्ण मौसम और दुर्गम रास्तों के बीच अपनी क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। 18 जून को कैडेटों ने सुबह चार बजे टेंटा बेस कैंप से चढाई शुरू की। कठिन एवं जोखिमपूर्ण मार्गों को पार करते हुए उन्होंने समुद्र तल से लगभग 5,200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित जगतसुख चोटी पर सफलतापूर्वक शिखरारोहण किया।

इस उपलब्धि ने उत्तराखंड निदेशालय के कैडेटों के प्रशिक्षण, अनुशासन और टीम भावना को नई पहचान दिलाई। इस अभियान में उत्तराखंड निदेशालय का प्रतिनिधित्व 11 यूके बटालियन एनसीसी दून विश्वविद्यालय की कैडेट सायशा पंवार, 84 यूके बटालियन एनसीसी की कैडेट नैना देवी एवं वन यूके एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, देहरादून के एसयूओ हिमांशु सिंह ने किया।कैडेटों की इस सफलता पर उत्तराखंड निदेशालय एवं संबंधित एनसीसी इकाइयों में खुशी की लहर है।

अधिकारियों ने इसे एनसीसी कैडेटों के साहस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि इस उपलब्धि से अन्य युवा भी साहसिक गतिविधियों और पर्वतारोहण के प्रति प्रेरित होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here