- अल्मोड़ा में जनसभा, पौड़ी में भूतपूर्व सैनिकों से संवाद
- दून में 600 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को देंगे चुनावी मंत्र
देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कल (आज) से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने प्रवास के दौरान वह अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे, पौड़ी में भूतपूर्व सैनिकों से संवाद स्थापित करेंगे और चर्चित अंकिता भण्डारी हत्याकांड के पीड़ित परिवार से भी मुलाकात करेंगे।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी चार जून को अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में आयोजित जनसभा में प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह पौड़ी पहुंचकर भूतपूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और सैनिक परिवारों से सीधे संवाद करेंगे। वहीं पांच जून को देहरादून में कांग्रेस के लगभग 600 वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन को दिशा देंगे।
उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा पिछले कई दिनों से प्रदेश में डेरा डाले हुए हैं और कार्यक्रम की तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य तथा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी संगठनात्मक बैठकों और जनसंपर्क अभियानों में जुटे हुए हैं। कुमारी शैलजा का कहना है कि राहुल गांधी के उत्तराखंड आगमन को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है और यह रैली 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के चुनावी शंखनाद का कार्य करेगी।
सैनिकों और वीरांगनाओं का होगा सम्मान
पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम के संयोजक व प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह ने बताया कि राहुल गांधी भूतपूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं का सम्मान करेंगे तथा उनके साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सैनिक बहुल प्रदेश है और यहां के लोगों का सेना से गहरा जुड़ाव रहा है। कार्यक्रम स्थल पर भारत-पाक युद्ध, भारत-चीन युद्ध, कारगिल विजय, देश के वीर सैनिकों के शौर्य, उत्तराखंड की संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों और धार्मिक स्थलों से जुड़ी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
अंकिता भण्डारी प्रकरण पर भी रहेगा फोकस
सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान अंकिता भण्डारी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई में समर्थन का संदेश देंगे। कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठाती रही है और राहुल गांधी की यह मुलाकात राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वही कांग्रेस नेता महेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि के रूप में भी देशभर में पहचान रखता है।










































