राहुल गांधी से मिले अंकिता भंडारी के माता-पिता

Ankita Bhandari parents met Rahul Gandhi in Delhi

देहरादून। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग लगातार उठती रही है। गुरुवार को दिल्ली में अंकिता भंडारी के माता-पिता ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य व पीसीसी अध्यक्ष गोदियाल भी मौजूद रहे।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि मुलाकात के दौरान अंकिता भंडारी के माता-पिता ने अपनी पीड़ा और न्याय से जुड़ी अपेक्षाएं राहुल गांधी के सामने रखीं। राहुल गांधी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में वह उनकी हरसंभव मदद के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जिस सीमा तक परिवार को उनकी आवश्यकता होगी, वह उस सीमा तक सहयोग करेंगे।

राहुल गांधी ने इस दौरान कहा कि संविधान की भावना को सत्ता ने चकनाचूर कर दिया है। उन्होंने न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

गणेश गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी से केवल अंकिता भंडारी के माता-पिता ने ही मुलाकात नहीं की, बल्कि उत्तराखंड से जुड़े चार अन्य प्रतिनिधिमंडलों ने भी अपनी समस्याएं और मांगें उनके सामने रखीं। इनमें पूर्व सैनिक संगठन, बेरोजगार संगठन, उपनल कर्मचारी संगठन और नर्सिंग संघ के प्रतिनिधि शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडलों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं, मांगों और सरकार की नीतियों से उत्पन्न कठिनाइयों की जानकारी राहुल गांधी को दी। गोदियाल के मुताबिक, राहुल गांधी ने सभी प्रतिनिधिमंडलों की बात गंभीरता से सुनी और उन्हें भरोसा दिया कि उनकी वाजिब और जनहित से जुड़ी मांगों को कांग्रेस के आगामी चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली में हुई इन मुलाकातों का उद्देश्य उत्तराखंड के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखना है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार की न्याय की लड़ाई से लेकर पूर्व सैनिकों, बेरोजगार युवाओं, उपनल कर्मचारियों और नर्सिंग क्षेत्र की समस्याओं तक, प्रदेश के महत्वपूर्ण मुद्दों को कांग्रेस नेतृत्व के समक्ष रखा गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मांगों को केवल राजनीतिक मुद्दे के तौर पर नहीं, बल्कि जनता से जुड़े सवालों के रूप में देख रही है और आने वाले विधानसभा चुनाव में इन मुद्दों को पार्टी के घोषणा पत्र में प्रमुखता से स्थान दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here