फर्जी दस्तावेज बनाकर दोबारा बेची संपत्ति, 1.65 करोड़ की ठगी में आरोपी गिरफ्तार

Property Resold Using Forged Documents

देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर 1 करोड़ 65 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

कोतवाली नगर में दर्ज मुकदमे के अनुसार बलवीर रोड निवासी विनोद प्रकाश अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि संजय जैन और उसके साथियों ने हरिद्वार रोड स्थित अरिहंत टावर की पांचवीं मंजिल पर स्थित संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे बेच दिया और 1.65 करोड़ रुपये हड़प लिए। बाद में जांच में पता चला कि उक्त संपत्ति पहले ही वर्ष 2024 में निशांत गर्ग को बेची जा चुकी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस जांच में आरोप सही पाए जाने पर नामजद आरोपी संजय जैन (65) निवासी अल्टीमा अपार्टमेंट, इंदर रोड, डालनवाला को 29 मई को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हरिद्वार में उसकी लगेज बैग फैक्ट्री घाटे में चली गई थी, जिससे उस पर भारी कर्ज हो गया। कर्ज चुकाने के लिए उसकी पत्नी ने अरिहंत टावर स्थित संपत्ति बेच दी थी, लेकिन आर्थिक संकट जारी रहने पर उन्होंने उसी संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर दोबारा बेच दिया।

पुलिस के अनुसार मामले में अन्य सहयोगियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हरिओम चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकास रावत, हेड कांस्टेबल उमेश और महिला कांस्टेबल बिजली शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here