6 करोड़ 75 लाख की ठगी करने वाला कुख्यात भूमाफिया गिरफ्तार

Land mafia member arrested for ₹6.75 crore fraud

देहरादून। जमीनी धोखाधड़ी कर लोगो से करोड़ो ठगने वाले एक शातिर भूमाफिया व गैंगस्टर को राजपुर पुलिस द्वारा कल तपोवन रोड निकट आईटी पार्क चौक से गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त द्वारा राजपुर थाना अंतर्गत एक व्यक्ति को एक जमीन का सौदा कर 6 करोड़ 75 लाख ठग लिए। अभियुक्त द्वारा इससे पूर्व एक एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करने का मुकदमा दर्ज है।अभियुक्त के विरुद्ध यूपी, उत्तराखंड में 24 मुकदमे दर्ज है।

कल सोमवार को वादी कमल जिंदल निवासी लक्ष्मण चौक देहरादून द्वारा थाना राजपुर में लिखित तहरीर दी थी कि विशाल कुमार(46) पुत्र स्व० मांगेराम निवासी शांति नगर भोपा रोड कूकड़ा थाना नई मंडी जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश नाम के व्यक्ति द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्हें राजपुर रोड पर एक संपत्ति दिखाते हुए उसे विक्रय करने के नाम पर उनसे विभिन्न माध्यमों से 06 करोड़ 75 लाख रुपए हड़प लिए है। विशाल कुमार द्वारा उनके नाम न ही संपत्ति की रजिस्ट्री की गई व न ही उनके पैसे लौटाए गए।

प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना राजपुर ने अभियुक्त विशाल व उसके साथियों के विरुद्ध धारा: 420/406/120 बी भादवि में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस द्वारा जांच में स्पष्ट हुआ कि पूर्व में भी एक वृद्ध एनआरआई महिला द्वारा थाना राजपुर में ही अभियुक्त विशाल कुमार के विरुद्ध उनकी जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करने के संबंध में मु0अ0सं0: 73/23 अभियोग पंजीकृत कराया जा चुका है।

मामले में और गहन जांच में जानकारी हुई कि नामजद अभियुक्त विशाल कुमार के विरुद्ध उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड में गैंगस्टर व धोखाधड़ी के 02 दर्जन मुकदमें पंजीकृत है।अभियुक्त के लगातार फरार चलने के कारण विवेचक द्वारा उक्त मुकदमे में अभियुक्त विशाल कुमार के विरुद्ध न्यायालय से गैर जमानती वारंट प्राप्त किया गया। अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही इलेक्ट्रानिक सर्विलांस की सहायता से भी अभियुक्त की निगरानी करते हुए उसके सभी सम्भावित ठिकानों पर लगातार दबिशें दी गई।

पुलिस टीम द्वारा किये जा रहे लगातार प्रयासों के क्रम में पुलिस द्वारा कल सोमवार शाम ही आईटी पार्क क्षेत्र से चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त विशाल कुमार को तपोवन रोड निकट आईटी पार्क चौक से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त 25 हज़ार का ईनामी है। पुलिस ने अभियुक्त की क्रेटा कार को भी सीज कर दिया है। अभियुक्त व उसके वाहन की तलाशी ली गई तो अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने 32 बोर की एक अवैध पिस्टल व 02 जिंदा कारतूस बरामद किए है। अभियुक्त के विरूद्ध 3/ 25 आर्म्स एक्ट का अभियोग पंजीकृत किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here