बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पूर्व मंदिर अधिकारी गिरफ्तार

Former temple official arrested in Badrinath temple offering theft

देहरादून। बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी केस में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि राजेंद्र चैहान बीती तीस जून को ही रिटायर्ड हुए थे। इससे पहले पुलिस इस मामले में बदरी-केदार मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को भी गिरफ्तार कर चुकी है।

बताया जा रहा है कि राजेंद्र चौहान को पूछताछ के लिए जोशीमठ से बदरीनाथ लाया गया था, जहां लंबी पूछताछ के बाद एसआईटी (पुलिस) ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें शनिवार को न्यायालय में पेश करेगी। जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार किया है।

जांच एजेंसियों का मानना है कि वह भी मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की तरह चढ़ावे की रकम में कथित हेराफेरी के मामले में संलिप्त रहे हैं। थाना प्रभारी बदरीनाथ महादेव उनियाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पूर्व टेंपल अधिकारी राजेंद्र चौहान से लंबे समय तक पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को शनिवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

उधर, जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कुछ अन्य संदिग्ध लोगों की मौजूदगी भी बताई जा रही है। ऐसे में अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि एसआईटी आगे किन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here