रिया की दुखद मृत्यु पर राहुल गांधी ने जताया दुख

Rahul Gandhi expressed grief over Riya tragic death

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देहरादून की छात्रा रिया और सीकर के छात्र उमेश की दुखद मृत्यु पर व्यक्त की गई संवेदना यह दर्शाती है कि देश के युवाओं की पीड़ा और उनके भविष्य को लेकर वे कितने गंभीर और संवेदनशील हैं।

रिया की आत्महत्या की घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं है, बल्कि यह उस मानसिक दबाव और असुरक्षा का प्रतीक है जिससे आज लाखों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण गुजर रहे हैं। छात्रों के सपनों, संघर्षों और उनके मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए राहुल गांधी ने इस विषय को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया है।

उत्तराखंड कांग्रेस का मानना है कि किसी भी परीक्षा प्रणाली का उद्देश्य छात्रों को अवसर देना होना चाहिए, न कि उन्हें ऐसी परिस्थितियों में धकेलना जहाँ वे निराशा और हताशा का शिकार हो जाएँ। रिया जैसी होनहार बेटियों की असमय मृत्यु पूरे समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

राहुल गांधी ने जिस मानवीय दृष्टिकोण के साथ छात्रों और उनके परिवारों के दर्द को देश के सामने रखा है, वह सराहनीय है। उन्होंने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि छात्रों के सपने, उनका भविष्य और उनका मानसिक स्वास्थ्य किसी भी राजनीतिक विमर्श से ऊपर हैं। उत्तराखंड कांग्रेस राहुल गांधी के इस संवेदनशील हस्तक्षेप का स्वागत करती है और मांग करती है कि छात्रों के हितों की रक्षा, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता तथा युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर केंद्र सरकार ठोस कदम उठाए, ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को ऐसी अपूरणीय क्षति न झेलनी पड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here