देहरादून। साई ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स में “साई फेस्ट-26” का भव्य आयोजन बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में संस्थान के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत साई ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स के विद्यार्थियों द्वारा बड़ी कुशलता एवं उत्साह के साथ की गई, जिसने पूरे आयोजन के लिए सकारात्मक और ऊर्जावान माहौल तैयार कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान शाम का माहौल उत्साह के चरम पर पहुंच गया, जहां संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन हरीश अरोड़ा, वाइस चेयरपर्सन ,श्रीमती रानी अरोड़ा एवं मैनेजिंग डायरेक्टर रजत अरोड़ा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए छात्रों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फेस्ट का मुख्य आकर्षण रहा Keechad Band का लाइव परफॉर्मेंस, जिसने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से पूरे माहौल को रोमांचित कर दिया। छात्रों ने उनके संगीत पर जमकर झूमते हुए कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। “साई फेस्ट-26” का यह पहला संस्करण अत्यंत सफल रहा और इसने आने वाले वर्षों के लिए एक नई परंपरा की मजबूत नींव रखी है।
यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि छात्रों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता को भी नई दिशा देने में सहायक सिद्ध हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के सभी स्टाफ, फैकल्टी, मैनेजमेंट एवं विभिन्न विभागों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।










































