देहरादून। कांग्रेस के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का महाआक्रोश अभियान शुरू हो गया है। इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा ने शुक्रवार को राजधानी दून के परेड ग्राउंड से जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकली। भाजपा महिला मोर्चा की आयोजित इस पदयात्रा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी सहित भाजपा के कई बड़े नेताओं ने शिकरत की।
भाजपा महिला मोर्चा ने शुक्रवार से महाआक्रोश अभियान शुरू किया। जिसके तहत प्रदेशभर से आई भाजपा महिला कार्यकर्ता यहां परेड मैदान में एकत्रित हुई और कांग्रेस की नितियों को महिला विरोधी बताते हुए नारेबाजी करने लगी। आयोजन स्थल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी पहुंच।
भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर नकारात्मक रवैया अपनाने का आरोप लगाया। जिसका विरोध करते हुए उत्तराखंड में पार्टी की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया देश की आधी आबादी के अधिकारों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित यह अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विपक्ष ने अपनी राजनीति के कारण इसका विरोध कर महिलाओं की आकांक्षाओं को ठेस पहुंचाई है। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने बताया कि महिला मोर्चा ने महाआक्रोश अभियान शुरू किया है। मोर्चा मातृ शक्ति के साथ मिलकर विपक्ष के संसद में किए गए नारी अपमान को उजागर करेगा।
इस अभियान के तहत प्रदेशभर में महिला जन आक्रोश पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इनमें हजारों महिलाएं भाग लेंगी और कांग्रेस के रवैये के खिलाफ आवाज उठाएंगी। अभियान में महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और महिला छात्रावासों में व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा। युवतियों को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सोशल मीडिया के माध्यम से दस दिनों तक प्रभावी अभियान चलाकर महिलाओं की आवाज को अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। रुचि भट्ट ने प्रदेश की सभी महिलाओं से इस अभियान में भाग लेने का आह्वान किया।










































