दिनदहाड़े रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या, सुरक्षा व्यवस्था पर काला धब्बाः आर्य

Retired Brigadier Murdered in Broad Daylight

देहरादून। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने देहरादून में मॉर्निंग वॉक पर निकले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वी.के. जोशी की दिनदहाड़े हुई निर्मम हत्या पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश की कानून-व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त होने का प्रमाण है और सुरक्षा व्यवस्था पर एक काला धब्बा है।

यशपाल आर्य ने कहा कि जिस सैनिक ने अपना पूरा जीवन देश की सीमाओं की रक्षा में लगाया, वही अपने ही शहर में सुरक्षित नहीं है। इसे उन्होंने सरकार की सबसे बड़ी विफलता बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून का कोई डर नहीं रह गया है।

उन्होंने सीधे तौर पर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हत्या, लूट और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार और प्रशासन निष्क्रिय बने हुए हैं। उनके अनुसार पुलिस तंत्र पंगु हो चुका है और अपराधियों को खुला संरक्षण मिल रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उत्तराखंड, जो कभी शांति और सुरक्षित जीवन का प्रतीक था, अब अराजकता और भय का केंद्र बनता जा रहा है।
आर्य ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड की जनता अन्याय के खिलाफ आवाज उठाकर जवाब देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here