- राष्ट्रीय डेंटल कमीशन में नियुक्ति के बाद की शिष्टाचार भेंट
- राज्यपाल बोले, डॉ. ऐरन की नियुक्ति उत्तराखंड के लिए गौरव की बात
देहरादून। राष्ट्रीय डेंटल कमीशन के डेंटल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड में पूर्णकालिक सदस्य के रूप में नियुक्त होने के बाद रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. हिमांशु ऐरन ने उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से शिष्टाचार भेंट की।
लोकभवन में आयोजित इस औपचारिक मुलाकात के दौरान डॉ. ऐरन ने अपनी नवीन नियुक्ति की जानकारी राज्यपाल को दी। राज्यपाल ने डॉ. ऐरन को राष्ट्रीय डेंटल कमीशन जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में मिली जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उत्तराखंड के लिए भी गौरव का विषय है।
उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि डॉ. ऐरन अपने अनुभव और दक्षता के बल पर सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल ने उन्हें डेंटल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने तथा आमजन तक बेहतर सेवाएँ पहुँचाने के लिए मार्गदर्शन भी दिया।
डॉ. हिमांशु ऐरन ने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे इस महत्वपूर्ण दायित्व को पूरी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।










































