यूटीयू पेपर लीक पर कांग्रेस का हल्ला बोल

Congress attacks UTU paper leak

देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में पेपर लीक के आरोपों को लेकर शनिवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नंदा की चौकी से विश्वविद्यालय परिसर तक मार्च निकालकर मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का पुतला दहन किया गया।

पुलिस ने गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सुद्धोवाला जेल भेजा, जहां बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक बंद करो, दोषियों को गिरफ्तार करो और युवा विरोधी सरकार मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विश्वविद्यालय गेट पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश और देश में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई गई तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज करेगी।

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि तकनीकी शिक्षा परीक्षा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले युवाओं के साथ ऐसी घटनाएं अन्याय हैं। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदर्शन में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, सूर्यकान्त धस्माना, आर्येन्द्र शर्मा, प्रदेश राजेन्द्र भंडारी, जोत सिंह गुनसोला, राजीव महर्षि, विजय सारस्वत, राजेन्द्र शाह, सुरेन्द्र रांगड़, नवीन जोशी, ज्योति रौतेला, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, याकूब सिद्धिकी, डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी, मोहित उनियाल, संजय किशोर, अजय सिंह, सूरत सिंह नेगी, शीशपाल बिष्ट, लालचन्द शर्मा, डॉ. प्रदीप जोशी, बब्बन सती, अमरजीत सिंह, सुलेमान अंसारी, मदन लाल, सी.पी. सिंह, मोहन काला, सोनिया आनन्द, सुनीता प्रकाश, गुलजार अहमद, संजय रावत, विकास नेगी, रॉबिन त्यागी, विपुल जैन, अर्जुन प्रधान, सुलेमान अली, नजमा खान, आशा शर्मा, इताअत खान, मुकीम अहमद, ललित भद्री, राकेश नेगी, कमल सिंह रावत, सुमेन्द्र बोहरा, महेश जोशी, अरूण वाल्मीकि, शरीफ बेग व नरेशानन्द नौटियाल आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here