उरेडा का परियोजना अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

UREDA Project Officer arrested while accepting a bribe

देहरादून। विजिलेंस विभाग की टीम ने उत्तराखण्ड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) बागेश्वर में तैनात परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी द्वारा सोलर प्लांटों की ज्वाइंट इंस्पेक्शन रिपोर्ट (जेआईआर) से संबंधित चार लंबित फाइलों के निस्तारण के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की जा रही थी।

सतर्कता अधिष्ठान को शिकायत मिली थी कि उरेडा कार्यालय में सोलर प्लांटों की जेआईआर लंबे समय से लंबित चल रही हैं। परियोजना अधिकारी प्रति फाइल 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता की चार फाइलों को आगे बढ़ाने के लिए उससे कुल 40 हजार रुपये मांगे गए थे। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए सतर्कता अधिष्ठान से कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने आज दोपहर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी धीरेन्द्र सिंह पटवाल, मूल रूप से राजनगर, पीरूमदारा (रामनगर, नैनीताल) का निवासी है और वर्तमान में उरेडा, बागेश्वर में परियोजना अधिकारी के पद पर कार्यरत था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here