हरिद्वार जेल अधीक्षक को लॉरेंस गैंग के नाम से मिली धमकी

हरिद्वार जेल अधीक्षक को लॉरेंस गैंग के नाम से मिली धमकी



हरिद्वार। जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से फोन कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से जेल अधीक्षक को धमकाने का आरोप लगा है। जेल अधीक्षक की शिकायत पर सिडकुल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी जेल में बंद एक महिला बंदी का पति बताया जा रहा है।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने एसएसपी हरिद्वार को तहरीर देकर बताया कि 11 सितंबर की रात करीब 10.47 बजे उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन किया। उन्होंने रात में बात करना उचित नहीं बताते हुए सुबह बात करने के लिए कहा। इसके बाद रात करीब 11.24 बजे व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर खुद को लॉरेंस बिश्नोई समूह से जुड़ा बताया। अगले दिन 12 सितंबर को आरोपी ने लगातार कई बार फोन किया। कॉल नहीं उठाने पर व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे गए।

पुलिस को दी गयी शिकायत के अनुसार, मैसेज में जेल में बंद महिला बंदी को लेकर भी धमकी दी गई। आरोपी ने जेल में मुलाकात के दौरान महिला को परेशान करने का आरोप लगाया। जेल अधीक्षक और जेल को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। आरोपी ने खुद को लॉरेंस के साथ रहने का दावा भी किया। इसके बाद सुबह करीब 10.12 बजे दोबारा फोन आया। जेल अधीक्षक ने बातचीत रिकॉर्ड कर ली। रिकॉर्डिंग सुनने के बाद जेल में निरुद्ध महिला बंदी ने फोन करने वाले की पहचान अपने पति हिमांशु चड्ढा के रूप में की।

उसने बताया कि हिमांशु उससे मुलाकात करने जेल आता रहता है। जेल अधीक्षक की ओर से ई प्रिजन रिकॉर्ड की जांच में भी हिमांशु के पूर्व में जेल में निरुद्ध रहने की जानकारी मिली। रिकॉर्ड के अनुसार वह 2017 से 2019 तक जिला कारागार देहरादून में बंद रहा था। बाद में उसे केंद्रीय कारागार सितारगंज भेजा गया। जहां से 13 दिसंबर 2022 को रिहा हुआ। वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने आरोपी हिमांशु चड्ढा पुत्र श्याम लाल चड्ढा के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की।

पत्र के साथ धमकी भरे व्हाट्सएप मैसेज के स्क्रीनशॉट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और मुलाकात संबंधी रिकॉर्ड भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। बताया जा रहा है कि जेल में बंद महिला के खिलाफ भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। कारागार में एक महिला निरुद्ध है। जब वह जेल में आई थी तो उसने डिप्टी जेलर के साथ अभद्र व्यवहार किया था।

इसके बाद महिला को चेतावनी देने के साथ ही फटकार भी लगाई गई। नियम कानून का पालन करने की हिदायत दी थी। दो दिन पहले उसका पति जेल में उससे मुलाकात करने आया। इस दौरान महिला ने अपने पति को भड़काया। उसके बाद से ही उसका पति लगातार उन्हें फोन कॉल और मैसेज के माध्यम से धमकी दे रहा है। वह खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बता रहा है। इसलिए उन्होंने हरिद्वार के एसएसपी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।







LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here