नहीं रहे फील्ड मार्शल व पूर्व मंत्री दिवाकर भट्ट

Former minister Diwakar Bhatt passes away

देहरादून। फील्ड मार्शल के नाम से विख्यात उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे दिवाकर भट्ट का निधन हो गया। लंबी बिमारी के बाद उन्होंने हरिद्वार में अपने आवास पर शाम 4.30 बजे अंतिम सांस ली वे पिछले कुछ दिनों से देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भर्ती थे, 26 नवंबर को हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा।

दिवाकर भट्ट उत्तराखंड क्रांति दल के संस्थापक सदस्यों में से एक थे, जो राज्य आंदोलन के अग्रणी नेता के रूप में शामिल रहे। उन्हें अक्सर फील्ड मार्शल के नाम से जाना जाता था, उनका जन्म साल 1946 में हुआ था, वे युवावस्था से ही उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में सक्रिय रहे। साल 1980-90 के दशक में राज्य आंदोलन के प्रमुख चेहरा बने।

उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों की उपेक्षा, पर्यावरण संरक्षण के अलावा अलग राज्य की मांग को मजबूती दी। साल 2002 में दिवाकर भट्ट यूकेडी के टिकट से देवप्रयाग विधानसभा सीट से चुनाव लड़े, मगर हार गए, इसके बाद 2007 में यूकेडी से ही विधानसभा चुनाव लड़कर विधायक बने। साल 2007-2012 के दौरान भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे।

शहरी विकास जैसे अहम विभाग संभाले। साल 2017 में यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष चुने गए, पार्टी में गुटबाजी के कारण वे भाजपा में शामिल हुए, मगर साल 2022 में वापस यूकेडी में लौट आए। साल 2012 व 2017 में चुनाव लड़े, मगर हार का सामना करना पड़ा। वहीं, साल 2022 का चुनाव उन्होंने यूकेडी की तरफ से लड़ा, लेकिन हार गए।

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के लिए एक बड़ी क्षति बताया है। महाराज ने कहा कि फील्ड मार्शल के नाम से मशहूर दिवाकर भट्ट उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी नेताओं में रहे हैं। राज्य निर्माण में उनके संघर्ष को राज्य की जनता हमेशा याद रखेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here