लग्जरी-स्लीपर बसों पर आरटीओ का छापा, गड़बड़ी मिलने पर 16 बसें सीज, 185 का चालान

RTO raids luxury sleeper buses

हरिद्वार। यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने और परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाली लक्जरी एवं स्लीपर बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने विशेष संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर 185 वाहनों के चालान किए गए। साथ ही गंभीर उल्लंघन मिलने पर 16 वाहनों को सीज कर दिया गया। तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले तीन वाहनों की फिटनेस निलंबित करने की संस्तुति भी की गई है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जिले में संचालित लग्जरी और स्लीपर बसों की व्यापक जांच की गई। अभियान के दौरान संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन ने बसों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच की। एआरएम रोडवेज विशाल कुमार के जांच के दौरान कई बसों में निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाया गया।

अधिकारियों ने वाहनों की संरचना में अनधिकृत परिवर्तन, निर्धारित बस बॉडी कोड का उल्लंघन, क्षमता से अधिक यात्रियों का परिवहन और ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी अनियमितताओं के मामलों में कार्रवाई की। अन्य यातायात एवं परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया। साथ साझा अभियान में संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्थानों पर बसों को रोककर उनके संचालन, संरचना, यात्री क्षमता और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की। विशेष चेकिंग अभियान में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, मुकेश भारती, भारत भूषण और हरीश सती ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न स्थानों पर लक्जरी एवं स्लीपर बसों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई की। एआरटीओ, प्रवर्तन नेहा झा ने बस संचालकों को निर्देश दिए कि वाहनों का संचालन स्वीकृत संरचना, निर्धारित यात्री क्षमता और बस बॉडी कोड के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने, वाहनों में अनधिकृत बदलाव करने और वैधानिक सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षित और नियमसम्मत यात्रा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने कहा कि हम लंबे समय से बसों का चेकिंग अभियान चला रहे हैं। हमने 30 जून को 80 लग्जरी बसों का अनियमितता पाए जाने पर चालान किया था। उससे पहले 7 जून को 45 लग्जरी बसों का चालान किया था। इस बार हमने विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर 185 बसों का चालान किया है। आगे भी औचक निरीक्षण होता रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here