देहरादून। पुलिस ने लाखों रूपये के जेवरात व नगदी के साथ ठेले वाले को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार मंशाा देवी, गुमानीवाला निवासी सुमन राणा ने ऋषिकेश कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उनके द्वारा तीन सोने की चैन, एक सोने का गले का नेकलेस, एक जोड़ी सोने की झुमकी, दो जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, एक चांदी का ब्रेसलेट, जिसे उन्होंने अपनी पुत्री की शादी के लिए रखा था, उसे बैंक से लेकर वापस अपने घर आ रही थी।
उक्त सभी आभूषणों व 64 हजार रूपये नगद उनके द्वारा एक भूरे रंग के पर्स में रखकर उसे काले रंग के एक बड़े पर्स में रखा था। रास्ते मे भरत विहार गेट के पास केले की ठेली पर केले लेने के दौरान उनके द्वारा अपने पर्स को ठेली में रखकर ठेली संचालक राजकुमार को गूगलकृपे के माध्यम से भुगतान किया गया। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा तो काले रंग के बड़े पर्स में रखा भूरे रंग का पर्स व उसमे रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी चोरी हो गए थे। उसके द्वारा ठेली संचालक राजकुमार पर चोरी करने का शक व्यक्त किया गया।
एसएसपी दून के नेतृत्व में दून पुलिस का अपराधियों पर एक और वार
ऋषिकेश क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा
घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त को लाखो रुपये कीमत के आभूषणों व नगदी के साथ किया गिरफ्तार pic.twitter.com/0Ebzf92BKr
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) August 19, 2026
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा घटना के शीघ्र खुलासे एवं गिरफ्तारी हेतु दिये गए निर्देशों पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश द्वारा चौकी आईडीपीएल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के अवलोकन कर स्थानीय तंत्र सक्रिय किया गया।
पुलिस द्वारा किये जा रहे प्रयासों के दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि घटना में संदिग्ध राजकुमार योगनगरी रेलवे स्टेशन की ओर गया है, जो बिहार भागने की फिराक में है। प्राप्त सूचना पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास से घटना में संदिग्ध राजकुमार पुत्र स्व. शिव शाह, निवासी सिसवा सरियामन, थाना बैरिया, जनपद बेतिया, बिहार, को हिरासत में लिया गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ज्वैलरी व नगदी बरामद हुई।
बरामद ज्वेलरी व नगदी के संबंध में उससे सख्ती से पूछताछ करने पर उसके द्वारा उक्त ज्वैलरी व नगदी को अपनी ठेली में सामान लेने आई एक महिला के पर्स से चोरी करना बताया गया, जिस पर उसको मौके से गिरफ्तार करते हुए बरामद ज्वेलरी व नगदी को पुलिस द्वारा कब्जे में लिया गया। पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि सुमन राणा उसकी ठेली पर केले लेने आई थी।
इस दौरान उसके द्वारा महिला को बातचीत में उलझाकर उनके काले रंग के बड़े पर्स के अंदर रखा भूरे रंग का पर्स चोरी कर लिया था, जिसमे से उसे सोने के कीमती आभूषण एवं नगदी मिली। चोरी किए गए माल को लेकर बिहार भागने की फिराक में था, पर उससे पूर्व ही पुलिस द्वारा उसे योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास पकड़ लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।










































