पाकिस्तान से कथित करोड़ों के लेनदेन में युवती गिरफ्तार

Sonam Arrested in Multi-Crore Transactions with Pakistan

हरिद्वार। रुड़की क्षेत्र से जम्मू कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से छापा मारकर एक युवती को कथित पाकिस्तान से करोड़ों के लेनदेन से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया है। लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और उसे अपने साथ ले गई। मिली जानकारी के अनुसार पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के आसफनगर गांव में जम्मू-कश्मीर पुलिस पहुंची और छापेमारी करते हुए एक युवती को पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

हालांकि पुलिस टीम को मौके से नकदी बरामद नहीं हुई, लेकिन बताया जा रहा है कि मामला कथित करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़ा है। इस संबंध में जानकारी मिली है कि कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र पुलिस द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, गिरफ्तार किए गए युवक पर आरोप है कि वह पाकिस्तान के माध्यम से करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन करता था।

पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी ने कलियर क्षेत्र के आसफनगर गांव निवासी एक युवती का नाम बताया, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस पिरान कलियर पहुंची और स्थानीय पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से आसफनगर गांव में छापा मारा गया, बताया जा रहा है कि पुलिस को युवती की पहचान करने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा और पहचान होने के बाद सोनम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। वहीं लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और उसे अपने साथ लेकर चली गई।

बहरहाल अचानक हुई इस कार्रवाई से युवती के परिजन और आसपास के लोग हैरान रह गए, वहीं क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गरमाया हुआ है। इस मामले में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि युवती का एकाउंट म्यूल एकाउंट के रूप में इस्तेमाल हुआ था और युवती के एकांउट से बड़ी मात्रा में ट्रांजेक्शन हुआ है। हालांकि ये मामला जम्मू-कश्मीर में दर्ज मामले से संबंधित है, इसलिए स्थानीय पुलिस ने सीमित सहयोग किया और उन्होंने युवती की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here