घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचा परिवार

Intense Firing at a House

नैनीताल। जिले के हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में फायरिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी ने एक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी। हालांकि, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और पीड़ित व उनका परिवार बाल-बाल बच गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से हथियार व कारतूस भी बरामद किए हैं। फिलहाल, हल्द्वानी पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर क्षेत्र में बीती यानी 25 अप्रैल की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति पर जानलेवा फायरिंग की घटना सामने आई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इससे पहले पुलिस को सौंपी गई तहरीर में पीड़ित कमल परमार ने बताया कि बीती 25 अप्रैल को रात मनीष परिहार नाम के व्यक्ति ने कार से पहुंचकर उसके घर के बाहर फायरिंग कर दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई, जो सीधे मकान की सीढ़ियों पर जाकर लगी। उस समय पीड़ित और उनका पोता घर के पास ही मौजूद थे, लेकिन संयोग से दोनों सुरक्षित बच गए। घटना के बाद पीड़ित कमल परमार अपने साथियों के साथ कोतवाली हल्द्वानी पहुंचे और लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू कर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष परिहार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 32 बोर की रिवाल्वर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पूछताछ में घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि कल देर रात घर पर फायरिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here