गन्ना तोड़ने के विवाद के बाद लापता हुए दो मदरसा छात्रों के शव मिले

गन्ना तोड़ने के विवाद के बाद लापता हुए दो मदरसा छात्रों के शव मिले

पटना/गोपालगंज। बिहार के सीवान जिले से लापता हुए दो मदरसा छात्रों के शव पड़ोसी जिले गोपालगंज में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों बच्चे 23 नवंबर को मदरसे के लिए चंदा और अनाज एकत्र करने निकले थे। इसी दौरान गन्ने के खेत से गन्ना तोड़ने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।

घटना के बाद दोनों छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। पुलिस ने दो दिनों तक तलाशी अभियान चलाने के बाद उनके शव बरामद किए। मृतकों की पहचान अशरफ अली और जैद शहीदी (जैद अली) के रूप में हुई है। दोनों सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के एक मदरसे के छात्र थे। जैद की उम्र 14 वर्ष बताई गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर को मदरसे के पांच छात्र ई-रिक्शा से गोपालगंज जिले के हरपुर गांव की ओर चंदा और अनाज एकत्र करने गए थे। लौटते समय गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र के बंगरा गांव स्थित पांडेय टोला के पास उनका ई-रिक्शा खराब हो गया। इसी दौरान कुछ छात्र पास के गन्ने के खेत में गन्ना तोड़ने चले गए।

आरोप है कि खेत में गन्ना तोड़ते देख स्थानीय लोगों ने छात्रों को दौड़ाया। इस घटनाक्रम में तीन छात्र पकड़े गए, जिन्हें बाद में मदरसे पहुंचा दिया गया, जबकि जैद और अशरफ का कोई पता नहीं चला। इस मामले में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी और अपहरण से संबंधित मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।

पुलिस ने लापता छात्रों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। खोज अभियान में ड्रोन कैमरे, डॉग स्क्वायड और राज्य आपदा मोचन बल की मदद ली गई। बुधवार 25 नवंबर को 14 वर्षीय जैद शहीदी का शव बंगरा पांडेय टोला के समीप चंवर क्षेत्र में तालाब के पास मिला। इसके बाद गुरुवार 26 नवंबर को दूसरे छात्र अशरफ अली का शव भी उदंत राय के बंगरा और हरपुर के बीच चंवर क्षेत्र में एक ईंट-भट्ठे के पास बरामद किया गया।

गोपालगंज पुलिस के अनुसार, दोनों शवों के प्रारंभिक परीक्षण में बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (थ्ैस्) और जिला आसूचना इकाई की टीम को भी बुलाया गया था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गोपालगंज के सदर एसडीपीओ-1 चंदन कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

दोनों बच्चों की मौत से परिवारों में मातम पसरा है। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल ने भी घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

The post गन्ना तोड़ने के विवाद के बाद लापता हुए दो मदरसा छात्रों के शव मिले appeared first on Ummid E Jaha.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here