पौड़ी में युवक की संदिग्ध मौत पर सियासत तेज

Politics Heats Up Over Suspicious Death of Youth in Pauri

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में युवक की संदिग्ध मौत को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रविवार को सतपुली विकासखंड के ग्राम रैतपुर पहुंचकर मृतक युवक पंकज कुमार के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पुलिस से मामले की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से निष्पक्ष जांच की मांग की।

गणेश गोदियाल ने घटना स्थल का दौरा कर परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने कथित पुलिस प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या जैसा कदम उठाया। गोदियाल के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी युवक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस प्रताड़ना के आरोप सही पाए जाते हैं तो यह बेहद निंदनीय है और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने और सख्त कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इससे पहले भी राज्य में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने नैनीताल और टिहरी में सामने आए मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे प्रकरणों से आम जनता का पुलिस पर विश्वास कमजोर हो रहा है। कांग्रेस ने मांग की है कि रैतपुर प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। साथ ही परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here