प्रेम प्रसंग के शक में युवक ने अपनी बहन व पड़ोसी की गोली मारकर कर दी हत्या

प्रेम प्रसंग के शक में युवक ने अपनी बहन व पड़ोसी की गोली मारकर कर दी हत्या



रुड़की। शनिवार सुबह झबरेड़ी कलां गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपनी बहन व पड़ोस में रहने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। जिससे दोनों की मौत हो गयी।  वारदात के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार अमन पुत्र रामकुमार कश्यप निवासी झबरेड़ी कलां पर आरोप है कि उसने अपनी 23 साल की बहन और 20 साल के सूरज पर गोली चला दी। जिससे दोनों की मौत हो गयी। घटना को अंजाम देकर अमन मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही तत्काल झबरेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

घटनास्थल की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही एसपी देहात अभय सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से वारदात की जानकारी ली और मामले में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेज दिया है।

एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है एक ही गांव के दो परिवारों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा था। करीब एक वर्ष पूर्व भी इस मामले में कहासुनी और विवाद की बात सामने आई थी। पुलिस अब पुराने विवाद समेत घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में प्रयुक्त तमंचा आरोपित के पास कहां से आया।

युवती और पड़ोसी युवक से जुड़ी इस वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है।







LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here