होमगार्ड्स स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने दिया उपहार

CM Dhami gave a gift on Home Guards Foundation Day

देहरादून। होमगार्ड्स स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रैतिक परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने परेड में शामिल जवानों के अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की स्मारिका–2025 तथा विभागीय कैलेंडर–2026 का विमोचन भी किया।

इस मौके पर सेवा प्रदत्त एवं दिवंगत होमगार्ड्स के आश्रितों को मुख्यमंत्री द्वारा राहत चेक प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में स्वयंसेवकों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं,उन्होंने बताया कि अब होमगार्ड स्वयंसेवकों को वर्दी भत्ता अनुमन्य किया जाएगा। साथ ही अंतरजनपदीय ड्यूटी में तैनात स्वयंसेवकों के भोजन भत्ते को 100 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है।

नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों को दिया जाने वाला प्रशिक्षण भत्ता भी 50 रुपये से बढ़ाकर 140 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने 63वें स्थापना दिवस पर सभी जवानों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि होमगार्ड्स कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और उत्साह के साथ जनसेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पहली बार होमगार्ड जवानों को 12 आकस्मिक अवकाश प्रदान किए हैं, जबकि महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही 9 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर ड्यूटी करने वाले जवानों को प्रतिदिन 200 रुपये प्रोत्साहन राशि तथा एसडीआरएफ के साथ प्रशिक्षित जवानों को 100 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड्स यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, कांवड़ और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों को सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। चारधाम और हरिद्वार में स्थापित हेल्प डेस्क यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

प्राकृतिक आपदाओं के समय होमगार्ड जवान राहत व बचाव कार्यों में जिस तत्परता से जुटते हैं, वह उनकी निष्ठा और जिम्मेदारी को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार भविष्य में भी होमगार्ड्स के कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

उक्त कार्यक्रम में डीजीपी दीपम सेठ, डीजी होमगार्ड पी.वी.के. प्रसाद,विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’, खजान दास, सविता कपूर, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि,अधिकारी तथा विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here