संदिग्ध परिस्थितियों में बार संचालक की मौत

Bar operator dies under suspicious circumstances

रुद्रपुर। देर रात एक  सड़क हादसे के बाद बार संचालक संजय शर्मा की मौत का मामला अब रहस्यमय बनता जा रहा है। परिजनों ने दुर्घटना पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। मृतक के शरीर पर मिले गहरे घावों को लेकर पुलिस ने भी मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पोस्टमार्टम और विशेष जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

रुद्रपुर के वार्ड नंबर-5 आवास विकास, किच्छा निवासी 56 वर्षीय संजय शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। संजय शर्मा शहर के जाने-माने बार संचालक थे। रुद्रपुर में दो स्थानों पर बार संचालित करते थे। इनमें एक मेट्रो सिटी मॉल में तथा दूसरा महिंद्रा एंड महिंद्रा शोरूम के समीप स्थित था।

जानकारी के अनुसार देर रात संजय शर्मा प्रतिदिन की तरह अपना बार बंद करने के बाद स्टाफ को छोड़ने के लिए आदर्श कॉलोनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक एक डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना तेज था कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतक के बड़े पुत्र शशांक शर्मा ने बताया कि उनके पिता नियमित रूप से रात में बार बंद कर अपने कर्मचारियों को घर छोड़ने जाते थे। हादसे के समय भी वह इसी कार्य से निकले थे। उन्होंने बताया अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना के समय कार में उनके पिता के साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं।

शशांक शर्मा ने अपने पिता की मौत को लेकर गंभीर आशंका व्यक्त की है। उनका कहना है कि यह केवल सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है। उन्होंने बताया उनके पिता के सीने के पास लगभग 6 इंच गहरा और 3 इंच चैड़ा घाव मिला है, जो सामान्य सड़क दुर्घटना में होने वाले घाव जैसा प्रतीत नहीं होता है। इसी संदेह के चलते पुलिस ने पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करने के बाद शव को दोबारा जिला अस्पताल ले जाकर विशेष जांच एवं एक्स-रे कराने का निर्णय लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here