देहरादून। भूकंप आपदा में रेस्क्यू कार्याे के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दस स्थानों पर एक साथ माकड्रिल शुरू की गयी। शनिवार को यहां भूकंप आपदा में रेस्क्यू कार्याे के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रातः साढे नौ बजे से देहरादून जिले में दस स्थानो पर माकड्रिल शुरू को गयी।
आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार देहरादून जिले में रिक्टर पैमाने पर 6.3 तीव्रता के तेज भूकंप के झटके महसूस किये गये हैं। तहसील स्तर पर एसडीएम से मौजूदा स्थिति की जानकारी ली जा रही है। रिस्पांसिबल ऑफिसर/जिलाधिकारी सविन बसंल ने आईआरएस से जुडे सभी नोडल अधिकारियों को तत्काल कंट्रोल रूम पहुंचने के निर्देश दिये गये।
कंट्रोल रूम को देहरादून जिले के 10 अलगकृअलग स्थानों पर भूकंप से भारी नुकसान की सूचना मिली है। तहसील सदर के अंतर्गत 6 स्थान कोरोनेशन अस्पताल, महाराणा प्रताप स्टेडियम, आईएसबीटी, विघुत उप केन्द्र आराघर, जल संस्थान खंड दिलाराम चौक तथा पैसिफिक मॉल के आसपास भूकंप से भारी नुकसान और जानमाल की क्षति की सूचना मिली है।
वहीं कालसी के अंतर्गत पाटा गांव व राजकीय इंटर कालेज कस्तूरबा गांधी के साथ ही विकासनगर में औघोगिक क्षेत्र सेलाकुई तथा ऋषिकेश में टीएचडीसी में भी भारी नुकसान की सूचना है। रिस्पांसिबल ऑफिसर/जिलाधिकारी सविन बसंल ने कंट्रोल रूम में ऑपरेशन, लॉजिस्टिक और प्लानिंग सेक्शन के नोडल अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा करते हुए स्टेजिंग एरिया से तत्काल रेस्क्यू टीम तैयार कर घटना स्थलों के लिए रवाना करने के निर्देश दिये।









































