पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद पति फरार, तलाश में जुटी पुलिस

Husband absconded after killing wife

उधमसिंह नगर। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में पति पर पत्नी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। आरोपी ने पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था।  पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी हुई है।

सीओ सीटी रुद्रपुर प्रशांत कुमार ने इस पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के भूरारानी इलाके में किसी महिला की हत्या कर दी गई है। हत्यारोपी महिला का पति ही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की।

आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पति ने गला दबाकर अपनी पत्नी की हत्या की है। फिलहाल साक्ष्य एकत्र करने के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुला लिया है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला की लाश घर में पड़ी हुई थी। पुलिस पूछताछ में एक महिला ने बताया कि बिहार निवासी अनिल ने मधु से पांच वर्ष पूर्व विवाह किया था।

बुधवार की सुबह उसके पास मधु का फोन आया था कि उसका पति के साथ विवाद हो गया है। जब वह उसके घर पहुंची तो मधु कपड़े धो रही थी। इस बीच भी दोनों के बीच झगड़ा चलता रहा। उसके द्वारा बीच बचाव कर मामले को जैसे तैसे शांत कराया। इसके बाद वह अपने घर चली गई।

महिला के मुताबिक दोपहर का खाना बनाने के बाद उसने अपने पति को मधु को बुलाने के लिए उसके घर भेजा था। महिला का पति जब मधु के घर पहुंचा तो देखा कि मधु की लाश जमीन पर पड़ी हुई थी। इसके बाद ही महिला ने पुलिस को मामले की सूचना दी।

महिला ने पुलिस को बताया कि मधु के पति अनिल का किसी अन्य महिला के साथ चक्कर था। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा हुआ करता था। बुधवार को भी दोनों का विवाद हुआ था, जिसके बाद अनिल ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही कोतवाली पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

सीओ सीटी प्रशांत कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खगाले जा रहे है। मधु की मौत के सही कारणों का पता तो पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here