देहरादून। भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश भर में हस्ताक्षर अभियान चलाया। गुरूवार को एकत्र हस्ताक्षरों को सौंपने कांग्रेस लोकभवन पहुंची। कांग्रेस ने लोकभवन तक संविधान बचाओ मार्च निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर नजर आए। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने भी इस मौके पर मोर्चा संभाला। हरीश रावत इस दौरान एक्शन में नजर आए।
इससे पहले प्रदेश भर से भारी संख्या में कांग्रेस जन पार्टी मुख्यालय पहुंचे। प्रदेश मुख्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, इलेक्शन कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत कई कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर माननीय प्रदेश प्रभारी @Kumari_Selja जी के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून से राजभवन तक ‘संविधान बचाओ मार्च’ निकाला गया।
प्रदेश की भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और केंद्र सरकार द्वारा संविधान की मूल भावना के अपमान के विरोध में आयोजित इस मार्च में भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार की पोटली लेकर विरोध दर्ज कराया गया।
इस अवसर पर सह-प्रभारी श्री @INCSurender जी, सह-प्रभारी श्री @ManojYadavINC जी, प्रदेश अध्यक्ष श्री @UKGaneshGodiyal जी, पूर्व मुख्यमंत्री श्री @harishrawatcmuk जी, नेता प्रतिपक्ष श्री @IamYashpalArya जी, CWC सदस्य श्री @gurdeepsappal जी, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक श्री @incpritamsingh जी, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष @drhsrawatuk जी, CWC सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री @KaranMahara_INC जी सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेतागण, सम्मानित विधायकगण, पूर्व सांसदगण, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, सम्मानित कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
— Uttarakhand Congress (@INCUttarakhand) November 26, 2026
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों द्वारा राज्य भर से संकलित किए गए हस्ताक्षरों को आज कांग्रेस ने राज्यपाल को सौंपा है। गणेश गोदियाल ने कहा कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता लोक भवन मार्च में शामिल रहे।
उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भाजपा के मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचार को लेकर लोगों में नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि धामी सरकार ऐसे मंत्रियों पर कार्रवाई करने की इजाजत नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी लोगों में खासी नाराजगी है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने लोक भवन तक मार्च निकाला है।
वहीं कांग्रेस दिग्गज हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड की धामी सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त है। अधिकारियों से लेकर भाजपा नेता तक भ्रष्टाचार में लिप्त है। अफसरों व भ्रष्ट नेताओं का प्रदेश में गठजोड बन रहा हैं। जो कि सारी व्यवस्था को दीमक की तरह से चाट रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता में हताशा और निराशा का महोल है। इस सरकार को जड से उखाड फैकना अब जरूरी हो गया है।













































