उत्तराखंड कांग्रेस को मिले तीन नए सह-प्रभारी

उत्तराखंड कांग्रेस को मिले तीन नए सह-प्रभारी

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने की दिशा में कांग्रेस ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के निर्देशा पर मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा और भीम कुमार को उत्तराखंड प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों को प्रदेश में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा देने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कांग्रेस को तैयार करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

तीनों नेताओं को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) सचिव के रूप में उत्तराखंड में संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। नए सह-प्रभारियों की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी नवदायित्व प्राप्त एआईसीसी सचिवों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। नेताओं ने विश्वास जताया कि तीनों नेताओं का राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक क्षमता, मार्गदर्शन और समर्पण उत्तराखंड में कांग्रेस को नई मजबूती प्रदान करेगा।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उत्तराखंड में पार्टी के सामने आगामी विधानसभा चुनाव एक बड़ी राजनीतिक चुनौती है। ऐसे में राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से तीन सह-प्रभारियों की नियुक्ति संगठनात्मक दृष्टि से अहम है। इससे प्रदेश के विभिन्न जिलों में पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और आम जनता के बीच कांग्रेस की विचारधारा एवं नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।

प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता में वापसी कराने के लिए पार्टी को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, पुराने और नए कार्यकर्ताओं को एकजुट करने तथा जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने की जरूरत है। ऐसे में नए सह-प्रभारियों के सामने संगठन को सक्रिय करने, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ संवाद स्थापित करने और पार्टी की चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि नव नियुक्त सह-प्रभारी प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को विस्तार देंगे और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की विचारधारा, जनाधार और संगठनात्मक ताकत को बढ़ाने में इन नियुक्तियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here