पंतनगर से काठमांडू की सीधी उड़ान हमारा सपना : महाराज

पंतनगर से काठमांडू की सीधी उड़ान हमारा सपना : महाराज

देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पंतनगर से काठमांडू के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने की इच्छा जताते हुए भारत और नेपाल के बीच संयुक्त पर्यटन सर्किट विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोसी देशों का नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और रोटी-बेटी का है।

गुरुवार को नई दिल्ली के कनॉट प्लेस में नेपाल दूतावास और नेपाल पर्यटन बोर्ड की ओर से आयोजित ‘नेपाल कॉलिंग’ डेस्टिनेशन प्रमोशन कार्यक्रम में महाराज ने ‘एक तराई, दो राष्ट्र’ की अवधारणा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के तराई क्षेत्र और नेपाल के कंचनपुर व कैलाली जिलों को जोड़कर सीमा पार पर्यटन सर्किट विकसित किया जा सकता है। इससे दोनों देशों में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

महाराज ने कॉर्बेट, नंधौर और शुक्लाफांटा को जोड़कर ‘तराई आर्क टाइगर ट्रेल’ विकसित करने, खटीमा में थारू हेरिटेज होमस्टे क्लस्टर बनाने तथा पूर्णागिरि-सिद्ध बाबा यात्रा को संयुक्त पर्यटन पैकेज के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि पंतनगर हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की दिशा में काम चल रहा है। भविष्य में पंतनगर और देहरादून से काठमांडू के लिए सीधी उड़ान शुरू करना उनका सपना है। इसके लिए उन्होंने नेपाल सरकार से भी पहल करने का आग्रह किया।

महाराज ने टनकपुर-महेन्द्रनगर लिंक रोड, बनबसा सीमा पर पर्यटक सुविधा केंद्र और भारत-नेपाल संयुक्त पर्यटन कार्यदल बनाने की जरूरत बताई। साथ ही तराई-महाकाली पर्यटन सर्किट को स्वदेश दर्शन 2.0 और प्रसाद योजना में प्राथमिकता देने का अनुरोध केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से किया। कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, नेपाल के संस्कृति, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री खड्क राज पौडेल, नेपाल के राजदूत और दोनों देशों के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here