20 से सजेगा हिमालयन एमटीबी चैलेंज का रोमांच

20 से सजेगा हिमालयन एमटीबी चैलेंज का रोमांच

देहरादून। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को नई पहचान दिलाने और प्रदेश की प्राकृतिक खूबसूरती को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी), पर्यटन विभाग और उत्तराखंड सरकार की ओर से अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज 2026 का आयोजन किया जा रहा है। 20 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता का रूट मुक्तेश्वर से मसूरी तक निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागी 658 किलोमीटर का रोमांचक सफर तय करेंगे।

परिषद की ओर से जारी कार्यक्रम के तहत तीन प्रमुख समारोह आयोजित किए जाएंगे। इनमें 19 नवंबर को मुक्तेश्वर में कर्टेन रेजर समारोह, 20 नवंबर को फ्लैग ऑफ समारोह और 26 नवंबर को समापन समारोह शामिल हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पर्यटन, लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज विशिष्ट अतिथि रहेंगे।

उपनिदेशक पयर्टन अमित लोहनी के मुताबिक प्रतियोगिता से पहले 19 नवंबर को नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर स्थित सुयाल माउंटेन रिजॉर्ट में कर्टेन रेजर समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा करेंगे।

अगले दिन 20 नवंबर को मुक्तेश्वर के भटेलिया मार्केट में फ्लैग ऑफ समारोह होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरान पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और विधायक राम सिंह कैड़ा भी उपस्थित रहेंगे। 658 किलोमीटर की माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here