बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर नाबालिग भाई से मारपीट

बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर नाबालिग भाई से मारपीट

रुड़की। नामचीन संस्थान आईआईटी रुड़की में आयोजित थॉम्सो (कल्चरल फेस्टिवल) से लौट रहे नाबालिग भाई और बहन के साथ कुछ युवकों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शो के दौरान कुछ युवकों ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। भाई ने विरोध किया तो युवकों ने उसे धमकी दी। शो से लौटने के बाद होटल पोलरिस के पास आरोपी युवकों ने भाई-बहन को रोककर मारपीट की और पिस्टल दिखाकर धमकाया भी गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने 10 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर दी। जिसमें बताया गया है कि उनकी नाबालिग बेटी अपने नाबालिग भाई के साथ 9 अक्टूबर को आईआईटी रुड़की में आयोजित थॉम्सो देखने के लिए गई थी। आरोप है कि वहां पर कुछ युवकों ने उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की। भाई ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उसे देख लेने की धमकी दी।

तहरीर के अनुसार, शुक्रवार देर शाम जब दोनों आईआईटी परिसर से बाहर निकले तो रोडवेज बस स्टैंड स्थित होटल पोलरिस के पास पहले से मौजूद युवकों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान किशोरी के साथ अश्लील हरकतें करने और विरोध करने पर पिस्टल दिखाकर धमकाने का भी आरोप लगाया है। किसी तरह भाई-बहन वहां से बचकर निकले और अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया गया। साथ ही मारपीट में घायल भाई को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल ले जाया गया।

The post बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर नाबालिग भाई से मारपीट appeared first on Ummid E Jaha.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here