बेटियों की बोली लगा रहे भाजपाई : कांग्रेस

BJP members are auctioning off daughters

देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के कथित बयान को लेकर प्रदेश की सियासत में भूचाल आ गया है। ‘बिहार से 20-25 हजार रुपये में लड़कियां आसानी से मिल जाती हैं’ जैसे बयान पर प्रदेश महिला कांग्रेस आग-बबूला हो गई है। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने इस बयान को महिलाओं और बच्चियों की गरिमा पर सीधा हमला बताते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है।

ज्योति रौतेला ने कहा कि मंत्री के पति का यह बयान न केवल शर्मनाक और निंदनीय है, बल्कि यह महिलाओं को वस्तु के रूप में प्रस्तुत करने वाली विकृत मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की सोच मानव तस्करी, बाल विवाह, महिला शोषण और लैंगिक अपराध जैसी जघन्य सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा देती है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर सरकार ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों का ढोल पीटती है, वहीं दूसरी ओर सत्ता से जुड़े लोगों की ऐसी सोच संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और महिला अधिकारों का खुला अपमान है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि यह बयान उस परिवार से आया है, जिसकी सदस्य स्वयं उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास जैसे संवेदनशील मंत्रालय की मंत्री हैं।

महिला कांग्रेस ने इस मामले में तीन मांगें रखी हैं, पहली, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य तत्काल सार्वजनिक रूप से अपनी स्थिति स्पष्ट करें। दूसरी, गिरधारी लाल साहू अपने अमानवीय और आपत्तिजनक बयान के लिए देश व प्रदेश की समस्त महिलाओं और बच्चियों से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगें।

तीसरी, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्रालय स्वयं संज्ञान लेते हुए गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने यह भी एलान किया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड और मंत्री के पति की और से महिलाओं को लेकर दिए गए बयान के विरोध में प्रदेश महिला कांग्रेस कल (आज) को बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के यमुना कॉलोनी स्थित आवास का घेराव करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here